
रिपोर्ट – टेलू राम कश्यप
मैनपुर। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला देहारगुड़ा, संकुल केंद्र गिरहोला, विकासखंड मैनपुर के विद्यार्थियों ने प्रयास आवासीय विद्यालय चयन परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विद्यालय के मुंगेश्वर कुमार एवं अनुराधा साडिल्य का प्रयास आवासीय विद्यालय के लिए चयन हुआ है। विशेष बात यह है कि इस विद्यालय से पिछले कई वर्षों से लगातार एक-दो विद्यार्थियों का चयन होता रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में संचालित विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धि सामने आती है। विद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सफलता का यह सिलसिला वर्ष 2019-20 से जारी है। वर्ष 2019-20 में आशीष मारकंडे, 2020-21 में यशोदा दीवान एवं संजना मारकंडे, 2023-24 में गुलेश्वरी एवं हरीश कुमार, 2024-25 में थानेश्वर मरकाम एवं सूरज कुमार तथा वर्ष 2025-26 में मुंगेश्वर कुमार एवं अनुराधा साडिल्य का चयन हुआ है। नियमित अभ्यास और मार्गदर्शन से मिली सफलता विद्यालय प्रबंधन के अनुसार विद्यार्थियों को प्रयास आवासीय विद्यालय की चयन परीक्षा के लिए नियमित अध्ययन एवं अभ्यास कराया जाता है। प्रधान पाठक चित्रसेन पटेल के मार्गदर्शन में शिक्षक कांतिलाल साहू, श्रीमती सुरैया टण्वीर एवं रूपेन्द्र पटेल ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी में सहयोग प्रदान किया। विद्यालय परिवार ने बताया कि विद्यार्थियों की मेहनत के साथ पालकों का सहयोग भी उनकी सफलता में महत्वपूर्ण रहा। ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए बना प्रेरणा का केंद्र देहारगुड़ा जैसे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय से लगातार विद्यार्थियों का प्रयास आवासीय विद्यालय में चयन होना क्षेत्र में शिक्षा के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है। विद्यालय परिवार का कहना है कि विद्यार्थियों की उपलब्धि से अन्य बच्चों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरणा मिलेगी। चयन की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में विद्यार्थियों को बधाई देने का सिलसिला शुरू हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर, डीएमसी सुवेश शुक्ला, विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी.एन. बघेल, बीआरसी शिवकुमार नागे, सरपंच महेश दीवान, संकुल समन्वयक मुकेश ठाकुर सहित जनप्रतिनिधियों, पालकों एवं ग्रामीणों ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने दोनों चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आगामी वर्षों में भी विद्यालय के विद्यार्थी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के माध्यम से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे।









