
रिपोर्टर – दीपक धाकड़
गंजबासौदा। ग्राम सुनारी में चार वर्षीय बच्ची के लापता होने के बाद बुधवार सुबह उसका शव घर के पीछे झाड़ियों में बने एक गड्ढे से बरामद हुआ। बच्ची के शव की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जानकारी के अनुसार बच्ची मंगलवार सुबह करीब 11 बजे घर से लापता हुई थी। परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश शुरू की। कई घंटे तक जानकारी नहीं मिलने पर शाम करीब 7 बजे पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर रातभर आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया। बुधवार सुबह घर के पीछे झाड़ियों में बने गड्ढे में बच्ची का शव मिला। पुलिस ने शुरू की जांच शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। एसडीओपी शिखा भलावी के अनुसार प्रारंभिक जांच में बच्ची की मृत्यु के संबंध में विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के लिए शव को सरकारी अस्पताल भेजा गया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच परिवार की ओर से मामले में पारिवारिक विवाद से जुड़े एक पहलू की जानकारी भी पुलिस को दी गई है। पुलिस इस पहलू सहित अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। बच्ची मंगलवार सुबह किन परिस्थितियों में घर से बाहर गई, वह घर के पीछे किस प्रकार पहुंची और उसकी मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट होंगी। मामले में पुलिस की जांच जारी है।









