
रिपोर्टर – सोनू नामदेव
बैरसिया। नजीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम रुनाहा निवासी दिनेश शर्मा पुत्र श्यामलाल शर्मा को पुलिस ने सराहनीय सहयोग के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। भोपाल देहात पुलिस अधीक्षक पंकज पाण्डेय की ओर से जारी प्रशस्ति पत्र थाना प्रभारी शाहबाज खान ने गुरुवार को दिनेश शर्मा को प्रदान किया।
थाना प्रभारी शाहबाज खान ने बताया कि दिनेश शर्मा के घर पर लगे उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से गत 8 सितंबर को रुनाहा क्षेत्र में हुई घटना की जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। जांच के दौरान घर के बाहर लगे कैमरों में घटना में उपयोग की गई कार दिखाई दी। फुटेज के आधार पर पुलिस को जांच आगे बढ़ाने और संबंधित लोगों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता पर दिया संदेश
सम्मान समारोह के दौरान थाना प्रभारी शाहबाज खान ने क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों से अपने प्रतिष्ठानों, दुकानों और घरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही किसी घटना की जांच में पुलिस के लिए महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने में सहायक होते हैं।
उन्होंने कहा कि कैमरों की फुटेज से घटनाओं की जानकारी जुटाने और जांच को दिशा देने में सहायता मिलती है। दिनेश शर्मा के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस जांच में उपयोगी साबित हुई। पुलिस द्वारा दिनेश शर्मा को सम्मानित कर नागरिकों की जागरूकता और सहयोग को प्रोत्साहित किया गया।









