
रिपोर्टर – ओम सोनी
भवानीमंडी। नगर में जुआ-सट्टे की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से भवानीमंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर मोबाइल और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करने का आरोप है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जुआ-सट्टे की गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए सभी थानाधिकारियों को थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित कर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में भवानीमंडी पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को भवानीमंडी थाना क्षेत्र में मोबाइल और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सट्टा संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। इस पर वृत्ताधिकारी सत्यनारायण गोदारा के मार्गदर्शन तथा थानाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने संदिग्धों की तलाश की।
कार्रवाई के दौरान असफाक उर्फ कालू (34), निवासी बैंक ऑफ इंडिया के पीछे, भवानीमंडी, जिला झालावाड़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर आरोपी की कथित संलिप्तता सामने आने पर उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया।
आरोपी के विरुद्ध पहले भी दर्ज हैं मामले पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध पूर्व में जुआ अधिनियम के तहत 14 प्रकरण दर्ज हो चुके हैं तथा अर्थदंड की कार्रवाई भी की गई है। वर्तमान मामले में पुलिस सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी पुलिस ने बताया कि मामले में मिली जानकारी के आधार पर ऑनलाइन सट्टे से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फोटो कैप्शन: भवानीमंडी पुलिस की गिरफ्त में ऑनलाइन सट्टा मामले का आरोपी।









