
रिपोर्टर जितेंद्र तिवारी
सागर। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय मालथौन के प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता में शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर की पुरुष टीम ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में जिले के 14 महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के दौरान सागर महाविद्यालय की टीम के खिलाड़ियों पारस लोधी, अनिकेत अहिरवार, खुशाल कोरी, सोहिल अहिरवार, विश्वास सेन, सत्यम यादव, जयदीप साहू, मयंक कोरी, विक्रम जाटव एवं देवांश सिंग ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए महाविद्यालय को गौरवान्वित किया।
टीम की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण से महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
इस सफलता में महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारियों का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा। प्रतियोगिता के दौरान कोच एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. दयाराम राजपूत तथा टीम मैनेजर भगवत प्रसाद ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चैंपियन बनने पर महाविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों, समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने विजेता टीम के खिलाड़ियों और उनके मार्गदर्शकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









