
रिपोर्टर भगवान सिंह चौहान
सनावद। नगर में आज रात कोर्ट परिसर के पास पांढर मिट्टी से निर्मित पुराना गढ़ीनुमा अवशेष अचानक ढह गया। घटना के दौरान तेज आवाज सुनाई देने पर आसपास के रहवासी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अवशेष के मलबे से कोर्ट की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग प्रभावित हुआ। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। कई लोग मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में मलबे की स्थिति देखते नजर आए।
सूचना मिलने पर नगर पालिका के जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन की ओर से मलबा हटाने और मार्ग को पुनः सुचारु करने का कार्य शुरू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुरानी पांढर मिट्टी से बनी संरचना के कमजोर होने को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है।
नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे घटनास्थल पर आवश्यक दूरी बनाए रखें और आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।









