
रिपोर्टर – संदीप भक्ते,
सौंसर/पांढुर्णा। सिवनी जिले के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन को उत्तराखंड का नवनियुक्त राज्यपाल बनाए जाने पर पवार समाज सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है। उनकी इस नियुक्ति पर राष्ट्रीय पवार क्षत्रिय महासभा भारत के सचिव एवं पंधराखेड़ी, सौंसर निवासी युवराज हिंगवे ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
युवराज हिंगवे ने डॉ. ढालसिंह बिसेन को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि डॉ. बिसेन की नियुक्ति सिवनी-बालाघाट अंचल के साथ-साथ संपूर्ण पवार क्षत्रिय समाज के लिए गौरव और सम्मान का विषय है।
उन्होंने कहा कि डॉ. बिसेन का राजनीतिक अनुभव, सरल व्यक्तित्व और समाजसेवा के प्रति समर्पण सार्वजनिक जीवन में प्रेरणादायी रहा है। किसानों, गरीबों और समाज के उत्थान के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों से क्षेत्र के लोगों को प्रेरणा मिलती रही है। राज्यपाल के गरिमामय पद पर उनकी नियुक्ति से समाज के युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय पवार क्षत्रिय महासभा भारत के पदाधिकारियों एवं पवार समाज के सदस्यों ने भी डॉ. ढालसिंह बिसेन को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।









