
मध्यप्रदेश पुलिस की टेलीकम्युनिकेशन शाखा में वर्ष 2011 से सेवा दे रही प्रधान आरक्षक (रेडियो) बबीता भाटी ने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और ज्ञान के दम पर देश के सबसे लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति सीज़न-17 में बड़ी उपलब्धि हासिल की।
बबीता भाटी, जिनका जन्म 30 जनवरी 1985 को हुआ, वर्तमान में पुलिस कमिश्नर कार्यालय में पदस्थ हैं। उन्होंने 3 सितंबर 2025 को केबीसी के एपिसोड नंबर 19 में हॉट सीट तक पहुँचने का गौरव प्राप्त किया। शो में 4 सितंबर को खेल की शुरुआत हुई, जहाँ बबीता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ₹12 लाख 50 हज़ार की राशि जीती।
उनकी यह सफलता न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है बल्कि मध्यप्रदेश पुलिस बल के लिए भी गर्व का विषय है। पुलिस जैसी चुनौतीपूर्ण नौकरी के साथ पढ़ाई और सामान्य ज्ञान पर पकड़ बनाए रखना आसान नहीं होता, लेकिन बबीता ने यह कर दिखाया।
शो के दौरान उनके आत्मविश्वास और शांत स्वभाव ने दर्शकों का दिल जीत लिया। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि यदि दृढ़ निश्चय और लगन हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
बबीता भाटी की यह सफलता उन सभी के लिए प्रेरणा है, विशेषकर उन महिलाओं के लिए जो परिवार और नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ अपने सपनों को भी साकार करना चाहती हैं।
रिपोर्ट-रावेन्द्र त्रिपाठी भोपाल









