
रिपोर्टर – ब्रजेश कुशवाह
कोलारस। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शारदीय नवरात्रि के अंतिम दिन महानवमी पर्व पर नगर के मानीपुरा स्थित भाजपा नेता एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रविंद्र शिवहरे के निवास पर शतचंडी महायज्ञ का पाठ पंडित आचार्य राजनारायण मिश्रा के सानिध्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर माता रानी का विशाल भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए ग्रामीणजन, साधु-संत, गणमान्य लोग सहित श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
पंडित राजनारायण मिश्रा आचार्य ने भंडारे की महत्ता पर प्रकाश डाला। माता रानी का विशाल भंडारा दोपहर 1 बजे से आरंभ होकर देर रात्रि तक चला, जिसमें लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रविंद्र शिवहरे ने बताया कि हमारे द्वारा यह आयोजन घर में सुख-शांति के साथ-साथ क्षेत्र में सद्भावना और भाईचारे को बढ़ाने के लिए किया जाता है।









