
रिपोर्टर – विजय जैन
दल्लीराजहरा। शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चिखली में अध्ययनरत पांच छात्राओं का चयन 26वीं शालेय राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता दुर्ग संभाग के दुर्ग में 31 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। चयनित छात्राएं प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगी। रानी दुर्गावती फुटबॉल क्लब चिखली के सचिव एवं प्रशिक्षक चंद्रशेखर पवार ने बताया कि छात्राओं का चयन संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। चयनित सभी खिलाड़ी नियमित रूप से प्रशिक्षक चंद्रशेखर पवार से फुटबॉल का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं और प्रतियोगिता के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेंगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित छात्राओं में रत्ना, पलक, साधना, भावना और दिव्या शामिल हैं। छात्राओं के चयन से विद्यालय एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है। छात्राओं की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी बालोद प्रमोद दुबे, डीएसओ सपन जेना, जे.एस. ठाकुर, बीएसओ डौण्डी, प्राचार्य श्रीमती विनिता सैनी, सरपंच चिखली रम्हऊ राम, रामाधार साहू, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्यों तथा विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि चयनित छात्राएं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चिखली और दुर्ग संभाग का नाम रोशन करेंगी।









