
रिपोर्टर – मानसिंह खत्री
हरदा, 2 सितंबर 2026। जिला चिकित्सालय हरदा में उपचार के लिए पहुंचने वाले बुजुर्ग, दिव्यांग एवं गंभीर मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल को एक नई व्हीलचेयर भेंट की गई। इससे मरीजों को अस्पताल परिसर में आवागमन में सुविधा मिलेगी। यह व्हीलचेयर स्व. श्रीमती मनोरमा गोकुलदास अग्रवाल (रतलाम वाले) की पुण्य स्मृति में उनके परिजनों द्वारा जिला चिकित्सालय को प्रदान की गई। अग्रवाल परिवार की ओर से हरदा की वरिष्ठ समाजसेविका श्रीमती उषा गोयल ने व्हीलचेयर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह को मरीजों की सेवा के लिए सौंपी। इस अवसर पर श्रीमती उषा गोयल ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सेवा करना मानवता की सच्ची भावना है। परिवार की ओर से किया गया यह सहयोग अस्पताल में आने वाले जरूरतमंद मरीजों के लिए उपयोगी रहेगा। जिला चिकित्सालय प्रबंधन ने अग्रवाल परिवार के इस सेवा भाव की सराहना करते हुए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।









