
रिपोर्टर—राहुल पवार
भैरूंदा। तरुण पुष्प हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए शिक्षण कार्य का अनुभव लिया। विद्यार्थियों ने नाटक एवं ड्रामा के माध्यम से शिक्षक और विद्यार्थी के बीच के संबंधों को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। उनकी प्रभावी प्रस्तुतियों ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरीं। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार एवं उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गुरु का मार्गदर्शन विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा प्रदान करता है। शिक्षकों ने विद्यार्थियों से गुरुजनों का सम्मान करने, अनुशासन का पालन करने तथा मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। विद्यार्थियों ने भी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण उत्साह और उमंग से भर गया। विद्यार्थियों की सांस्कृतिक एवं नाट्य प्रस्तुतियां आयोजन का विशेष आकर्षण रहीं। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन, व्यक्तित्व एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की जानकारी भी दी। बताया गया कि डॉ. राधाकृष्णन महान दार्शनिक एवं शिक्षाविद होने के साथ भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति और दूसरे राष्ट्रपति रहे। विद्यार्थियों ने उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए शिक्षा एवं संस्कार के महत्व को समझा।









