
रिपोर्ट – किरण अंडोली गुप्ता
दिनारा। मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ तहसील शाखा करेरा द्वारा प्रदेश के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के निराकरण के संबंध में मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन एसडीएम करेरा अनुपम शर्मा को सौंपा गया। ज्ञापन में कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों को शामिल करते हुए शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की मांग रखी गई। ज्ञापन सौंपने से पहले राज्य कर्मचारी संघ के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी स्थानीय विश्रामगृह में एकत्रित हुए। इसके बाद सभी कर्मचारी एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष महेश लोधी ने मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम दिए जाने वाले ज्ञापन का वाचन किया। ज्ञापन में मध्यप्रदेश में कार्यरत शिक्षकों को टीईटी परीक्षा से छूट देने, पुरानी पेंशन योजना को वरिष्ठता के साथ पुनः लागू करने, ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा केंद्र के समान 25 लाख रुपये करने, वेतन विसंगतियों के निराकरण, पदोन्नति एवं नियमितीकरण सहित कर्मचारी हितों से संबंधित दो दर्जन से अधिक मांगों का उल्लेख किया गया है। कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि विभिन्न विभागों के कर्मचारियों से जुड़े इन विषयों पर शासन स्तर से सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा है। उन्होंने मांगों के संबंध में शीघ्र प्रक्रिया आगे बढ़ाने का अनुरोध किया। इस अवसर पर कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने एसडीएम अनुपम शर्मा का माल्यार्पण कर स्वागत भी किया। स्थानीय स्तर पर विभिन्न विभागों से संबंधित विषयों और उनके समाधान के लिए परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित करने को लेकर भी चर्चा हुई एसडीएम अनुपम शर्मा ने कर्मचारियों से बैठक की तैयारी कर तिथि निर्धारित करने को कहा। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि के अनुसार विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित कर उनके विषयों पर चर्चा की जाएगी तथा आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ ब्लॉक अध्यक्ष महेश कुमार लोधी, वरिष्ठ पदाधिकारी धर्मेंद्र जैन, पटवारी संघ की ओर से पूर्व तहसील अध्यक्ष दिनेश सिंह सिकरवार, जनपद पंचायत से तहसील अध्यक्ष दिलीप कुशवाह, सचिव सुनील लोधी, धीरज यादव, शिक्षक रवि तिवारी, हरिकिशन पाल, वेद भार्गव, राजेंद्र राजपूत, विजय गुर्जर, रामबरन नरवरिया, पंकज कुमार श्रीवास्तव, मुनीराम कारपेंटर, अशोक भदौरिया, श्रीमती राधा कुशवाह, श्रीमती पूनम भगत, श्रीमती ललिता भरदेले, अरविंद गुप्ता, अंकित तिवारी, सुल्तान बेग सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।









