
रिपोर्ट – संदीप भक्ते
जाम सांवली, पांढुर्णा। बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध अभिनेता गोविंदा ने प्रसिद्ध जाम सांवली हनुमान मंदिर पहुंचकर हनुमान जी महाराज के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उनके मंदिर पहुंचने पर मंदिर समिति एवं पुजारियों ने स्वागत किया। जानकारी के अनुसार गोविंदा एक निजी कार्यक्रम के सिलसिले में छिंदवाड़ा आए हुए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वे सड़क मार्ग से छिंदवाड़ा से नागपुर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने जाम सांवली स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में रुककर दर्शन करने का निर्णय लिया। मंदिर पहुंचने के बाद गोविंदा ने गर्भगृह में जाकर हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने कुछ समय मंदिर परिसर में बिताया और धार्मिक वातावरण में समय व्यतीत किया।जाम सांवली हनुमान मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है, जहां मध्यप्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर में अभिनेता गोविंदा के आगमन की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों और प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिला।गोविंदा ने सादगीपूर्ण तरीके से मंदिर में दर्शन किए। पूजा-अर्चना के बाद वे नागपुर के लिए रवाना हो गए।









