
रिपोर्टर : विजय दुबे
सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय, मांग पूरी होने तक दूध सप्लाई स्थगित रखने की बात शिवरी नारायण, जिला जांजगीर-चांपा। दूध की दर में बढ़ोतरी की मांग को लेकर शिवरीनारायण मेला ग्राउंड परिसर में दूध उत्पादकों और डेयरी संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिवरीनारायण क्षेत्र के कई दूध उत्पादक एवं डेयरी संचालक शामिल हुए। बैठक के दौरान दूध उत्पादकों ने पशुपालन में बढ़ रही लागत को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि खल, कपास और पशु आहार सहित अन्य आवश्यक सामग्री की कीमतों में वृद्धि के कारण दूध उत्पादन की लागत बढ़ रही है। उत्पादकों के अनुसार वर्तमान दूध दर के अनुसार उत्पादन लागत का संतुलन बनाए रखना उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो रहा है। दूध उत्पादकों ने दूध की वर्तमान दर में बढ़ोतरी किए जाने की मांग रखी। बैठक में मौजूद दूध उत्पादकों और डेयरी संचालकों ने इस विषय पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि दूध की दर में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की जाती है, तो गुरुवार से दूध की सप्लाई स्थगित रखी जाएगी। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि मांग पर सकारात्मक निर्णय होने तक दूध की सप्लाई स्थगित रखने का निर्णय जारी रहेगा। दूध उत्पादकों ने संबंधित पक्षों से उनकी मांग पर विचार कर उचित निर्णय लेने की अपेक्षा जताई।









