
रिपोर्ट – आशीष पाण्डेय
मुंगेली। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले में आबकारी नियमों के पालन एवं मदिरा के अवैध निर्माण, संग्रहण, परिवहन और विक्रय पर नियंत्रण के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अगस्त माह के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने सूचना एवं गश्त के आधार पर जिले के विभिन्न ग्रामों में कार्रवाई करते हुए मदिरा एवं अन्य सामग्री जब्त की। आबकारी विभाग की टीम द्वारा ग्राम भांठा, भटगांव, बरेला, साल, साल्हेघोरी, कुकुसदा एवं कोदवाबानी में कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्तियों के कब्जे से देशी मदिरा प्लेन 42.80 बल्क लीटर एवं कच्ची महुआ शराब 22.00 बल्क लीटर, कुल 64.80 बल्क लीटर मदिरा बरामद की गई। इसके साथ ही 40 किलोग्राम महुआ लाहन एवं एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर आबकारी विभाग के कब्जे में ली गई। आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किए गए। विभाग द्वारा प्रकरणों में नियमानुसार वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन के निर्देश पर जिले में आबकारी नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए निगरानी एवं निरीक्षण अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सी.एम. हेल्पलाइन योजना के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर भी विभाग द्वारा त्वरित संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।आबकारी विभाग ने बताया कि जिले में आबकारी नियमों के प्रभावी पालन के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।









