
रिपोर्टर – सतीश सिंह
जिगना। क्षेत्र के जोपा गांव स्थित विंध्यवासिनी बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को समारोहपूर्वक समापन हुआ। समापन अवसर पर गाजे-बाजे के साथ आकर्षक झांकियां निकाली गईं। प्रतियोगिता में शामिल कुल 16 टोलियों में से समीक्षक मंडल ने भारत माता की टोली नंबर 9 को चैंपियन घोषित किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को गांठ-फांस बंधन, गैजेट्स निर्माण, टेंट-तंबू, पुल एवं गेट निर्माण तथा प्राथमिक चिकित्सा सहित विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने पाक कला का भी प्रदर्शन किया और विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर अतिथियों को परोसे। प्रतिभागियों द्वारा बाटी-चोखा, चाट, फुलकी, जलेबी एवं समोसा सहित विभिन्न व्यंजन तैयार किए गए। गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं ने टीमवर्क, रचनात्मकता एवं व्यावहारिक कौशल का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रबंधक शालिग्राम शुक्ला ने कहा कि स्काउट गाइड का प्रशिक्षण सामूहिक प्रयास, अनुशासन एवं एकता की भावना को विकसित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों को जीवन में उपयोगी बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षक पंकज चतुर्वेदी एवं आनंद मौर्या ने प्रतिभागियों को विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया। वरिष्ठ प्रशिक्षक रवि प्रकाश सिंह एवं पंकज चतुर्वेदी ने चैंपियन टोली की लीडर वैष्णवी देवी को विजेता ट्रॉफी प्रदान कर उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









