
रिपोर्टर : चंद्रभान पटेल
हर्रई (ठुटी)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हर्रई (ठुटी) में शनिवार को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। शासन के निर्देशानुसार विद्यालय परिसर में पांच प्रमुख गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, योग एवं ध्यान, करियर काउंसलिंग तथा ‘फिट इंडिया’ के तहत खेल गतिविधियां शामिल रहीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य, पर्यावरण, शिक्षा एवं खेल से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त की। ‘मेरे सपनों का भारत’ पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता इस अवसर पर ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर राष्ट्रीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को मंचासीन अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम के श्री हर्ष दत्त शर्मा, श्री पंकज शर्मा, श्री संजय शर्मा एवं श्री भवानी वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अध्ययन, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यालय स्टाफ की रही सहभागिता कार्यक्रम का मार्गदर्शन विद्यालय के प्राचार्य श्री महेंद्र सिंह कौरव एवं नोडल अधिकारी श्री दिनेश कुमार शर्मा ने किया। आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, करियर निर्माण और खेल के महत्व से परिचित कराया गया। साथ ही ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं और विचारों को चित्रों एवं भाषण के माध्यम से प्रस्तुत किया।









