
रिपोर्ट – लखन ठाकुर
मंडलेश्वर। स्कूली विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश सरकार द्वारा उमंग दिवस मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को स्कूल शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नगर के महात्मा गांधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उमंग दिवस आयोजित किया गया। महात्मा गांधी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षाविद राकेश कुलश्रेष्ठ मुख्य अतिथि एवं लेखक दुर्गेश राजदीप विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्राचार्य जे.के. सोनी ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यार्थियों को तनाव से दूर रहने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। उमंग प्रभारी सुधीर गोखले एवं उप प्रभारी विनीता शाक्य ने विद्यार्थियों को उमंग कार्यक्रम के उद्देश्य एवं गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि राकेश कुलश्रेष्ठ ने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच विकसित कर लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के पांच विद्यार्थियों को बैज लगाकर उमंग कार्यक्रम से जोड़ा गया। ये विद्यार्थी अपने साथियों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में सहयोग करेंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ व्याख्याता ए.पी. तिवारी, मुस्ताक जे. पठान, राकेश बारिया, श्याम सुंदर डोंगरे सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। छात्राओं को स्वास्थ्य एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित उमंग कार्यक्रम में डॉ. तनवीर कुरैशी ने छात्राओं को युवा अवस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों के संबंध में जागरूक किया। वहीं मानव अधिकार परिषद भारत के प्रदेश प्रवक्ता दुर्गेश राजदीप ने छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, मोटर व्हीकल एक्ट सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। कार्यक्रम में छात्राओं ने ‘मैं हूं राजा’ नाटक का मंचन कर विभिन्न सामाजिक विषयों को प्रस्तुत किया। मॉक डील के तहत ज्योत्सना शर्मा ने छात्राओं की फोन पर काउंसलिंग की। प्राचार्य विजय वानखेड़े, शबनम खान एवं प्रकाश भंडोले ने छात्राओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।









