
रिपोर्टर – आशीष पाण्डेय
मुंगेली। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले में तंबाकू नियंत्रण एवं सार्वजनिक स्थानों पर स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला चिकित्सालय परिसर रामगढ़ एवं आसपास के क्षेत्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत कोटपा एक्ट 2003 के प्रावधानों के अनुसार की गई कार्रवाई में 10 दुकानों पर कुल 6,500 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। प्रत्येक दुकान पर 650 रुपये का चालान किया गया। वहीं, 05 दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं चेतावनी देकर तंबाकू नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन करने के लिए कहा गया। इस अभियान में औषधि निरीक्षक श्रीमती किरण सिंह, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मुंगेली, श्री ओम साहू, साइकोलॉजिस्ट एवं प्रशिक्षित तंबाकू नियंत्रण दल के सदस्यों ने सहभागिता की। टीम ने जिला चिकित्सालय परिसर एवं आसपास संचालित दुकानों का निरीक्षण कर तंबाकू नियंत्रण संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी। औषधि निरीक्षक ने बताया कि इसी क्रम में लोरमी में 06, पथरिया में 17 और सरगांव में 10 चालान की कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि कोटपा एक्ट 2003 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री तथा नाबालिगों को सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद उपलब्ध कराने पर भी नियमानुसार प्रावधान लागू हैं। अभियान के दौरान दुकानदारों को निर्धारित स्वास्थ्य चेतावनी वाले तंबाकू उत्पादों के विक्रय एवं तंबाकू नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में तंबाकू नियंत्रण को लेकर निरीक्षण एवं जागरूकता गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं।








