
रिपोर्टर – मदन मोहन पाराशर
किरनापुर। महिला एवं बाल विकास विभाग किरनापुर की परियोजना अधिकारी श्रीमती अमृता कुजूर के मार्गदर्शन में 29 सितंबर 2026 को आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-02, ग्राम साल्हे में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच त्रिवेंद्र पंचेश्वर एवं आंगनबाड़ी सुपरवाइजर समोता मस्करे सहित ग्राम पंचायत के पंच प्रमिला बावने, वैशाली निकुशे, रामेश्वरी उदयपुरे, आंगनबाड़ी सहायिका नेहा चौरे तथा बड़ी संख्या में गर्भवती एवं धात्री महिलाएं और पालकगण शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक किया गया। संतुलित एवं पौष्टिक आहार, हरी पत्तेदार सब्जियों के सेवन तथा स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी गई। इसके साथ ही हाथ धुलाई एवं वृक्षारोपण गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों में स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।









