
रिपोर्टर – भगवान सिंह चौहान
सनावद। आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा उत्सव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार शाम सनावद थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्सव के दौरान सुरक्षा, यातायात, पंडाल व्यवस्था, विसर्जन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता सनावद थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने की। मुख्य अतिथि के रूप में एडिशनल एसपी शकुंतला रूहल नागौर एवं तहसीलदार सनावद उपस्थित रहे। बैठक में नगर की विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्य, पार्षदगण, पत्रकारगण तथा गणमान्य नागरिक शामिल हुए। थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने उत्सव समितियों से शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप पंडाल स्थापित करने, डीजे की ध्वनि निर्धारित सीमा में रखने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी के साथ सूचनाएं साझा करने और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से बचने की बात कही।एडिशनल एसपी शकुंतला रूहल नागौर ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी प्रमुख पंडालों में सीसीटीवी कैमरों एवं महिला वॉलेंटियर्स की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मूर्ति विसर्जन के दौरान भी आवश्यक पुलिस बल की तैनाती रहेगी। तहसीलदार ने बताया कि मूर्ति विसर्जन के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित घाट की व्यवस्था की गई है। बैठक में दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्यों ने भी व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे।बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने नवरात्रि एवं दुर्गा उत्सव को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया।









