
रिपोर्ट – आशीष पाण्डेय
मुंगेली। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में मेडिकल स्टोर्स के नियमानुसार संचालन एवं औषधियों के अभिलेखों के संधारण की निगरानी के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया।
औषधि निरीक्षक श्रीमती किरण सिंह एवं श्रीमती सुमनलता कंवर की टीम ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा नियमावली, 1945 के प्रावधानों के तहत कुल छह मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स तनु मेडिकल स्टोर्स चंद्रखुरी, विजय मेडिकल स्टोर्स चंद्रखुरी, सतगुरु मेडिकल स्टोर्स चंद्रखुरी, विजय मेडिकल स्टोर्स मोहभट्टा, वर्मा मेडिकल स्टोर्स मोहभट्टा एवं सुरभी मेडिकल स्टोर्स लालपुर में स्वापक एवं मनःप्रभावी औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई।
टीम द्वारा औषधियों की खरीद एवं बिक्री से जुड़े अभिलेखों के नियमानुसार संधारण की स्थिति का भी परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दो मेडिकल स्टोर्स में क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेजों के संधारण को लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
संबंधित दोनों प्रतिष्ठानों को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 एवं नियमावली, 1945 के प्रावधानों के तहत कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने की प्रक्रिया की जाएगी। विभाग द्वारा जिले में मेडिकल स्टोर्स के नियमानुसार संचालन एवं औषधियों से संबंधित अभिलेखों के उचित संधारण को सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा।









