
रिपोर्टर – राजेश यादव
धार। भारतीय जनता पार्टी की संस्थापक सदस्य एवं प्रेरणास्रोत श्रद्धेय राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जन्मजयंती के अवसर पर सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय धार में महिला मोर्चा द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राजमाता सिंधिया के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उनके योगदान का स्मरण किया।
राजमाता के त्याग और समर्पण को किया याद कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया के त्याग, तपस्या, राष्ट्रसेवा और संगठन निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि राजमाता सिंधिया का जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण, वैचारिक प्रतिबद्धता और जनसेवा की प्रेरणादायी मिसाल है। उनके आदर्श आज भी समाज और संगठन को नई दिशा प्रदान करते हैं।
महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष ने कहा कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया ने भारतीय जनता पार्टी की स्थापना और संगठन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने संगठनात्मक कौशल और सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा के माध्यम से उन्होंने पार्टी को मजबूत आधार प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए राजमाता सिंधिया ने कठिन परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उनके विचार और कार्य सदैव समाज को प्रेरित करते रहेंगे।
महिला मोर्चा की पदाधिकारी रहीं उपस्थित इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अल्पना जोशी, जिला उपाध्यक्ष अनुसूइया वैष्णव, जिला मंत्री पप्पी मकवाना, जिला कार्यालय मंत्री मंजू महंत, जिला सह कार्यालय मंत्री संगीता किकारिया, मन की बात प्रभारी रचना सिंह, सह प्रभारी मीना दुबे, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष डॉली जाधव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया के आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने दी।









