
रिपोर्टर – सुशील चौहान
सिवनी। नगर परिषद बरघाट अंतर्गत डिवाइडर रोड का निर्माण कार्य जारी है। निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर धूल उड़ने से क्षेत्रवासियों, दुकानदारों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। नागरिकों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) बरघाट मंडल के अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि अंशुल पवार सहित युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर परिषद बरघाट को ज्ञापन सौंपकर नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की।
नवरात्र पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर ज्ञापन में बताया गया कि नवरात्रि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन और पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से महिलाएं पैदल चलकर माता रानी को जल अर्पित करने और पूजा-अर्चना करने जाती हैं। ऐसे में निर्माणाधीन सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव होने से श्रद्धालुओं सहित आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
नागरिकों के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण की पहल युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान धूल पर नियंत्रण रखना आवश्यक है। इससे विद्यालय जाने वाले बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, दुकानदारों और अन्य नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही, सड़क पर आवागमन भी अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।
प्रतिदिन 2 से 3 बार पानी छिड़काव की मांग भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अंशुल पवार ने जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित ठेकेदार को निर्माणाधीन डिवाइडर रोड पर प्रतिदिन कम से कम 2 से 3 बार पानी का छिड़काव कराने के निर्देश देने की मांग की। उन्होंने कहा कि नियमित पानी का छिड़काव होने से धूल पर नियंत्रण रखने और नागरिकों को राहत पहुंचाने में मदद मिलेगी
युवा मोर्चा ने नगर परिषद से जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि नवरात्र पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सुविधाजनक आवागमन मिल सके।









