
रिपोर्टर – राजेश यादव
राजगढ़/धार। मध्यप्रदेश में नशामुक्ति अभियान के तहत धार जिले की राजगढ़ पुलिस ने ग्राम चौबारा के वन क्षेत्र में अवैध गांजे की खेती का पता लगाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अभियान के दौरान गांजे के 3,345 पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 3,695 किलोग्राम बताया गया है, जबकि अनुमानित कीमत 4 करोड़ 43 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश श्री कैलाश मकवाना के निर्देशन में मादक पदार्थों की अवैध खेती एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धार श्री सचिन शर्मा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सरदारपुर श्री विश्वदीप सिंह परिहार के नेतृत्व में राजगढ़ पुलिस ने 13 अक्टूबर 2026 को ग्राम चौबारा के वन क्षेत्र में कार्रवाई शुरू की।
दो दिनों तक चला सर्चिंग अभियान थाना प्रभारी राजगढ़ श्री समीर पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धार-झाबुआ जिले के सीमावर्ती वन क्षेत्र में लगातार दो दिनों तक सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान वन क्षेत्र में उगाए गए गांजे के पौधों की पहचान कर उन्हें जब्त किया गया। कार्रवाई में कुल 3,345 पौधे बरामद हुए, जिनका वजन लगभग 37 क्विंटल है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज पुलिस ने मामले में राजू पिता डूंगर सिंह भूरिया के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच जारी है।
खेती के तरीके और नेटवर्क की जांच जारी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्राम चौबारा के वन क्षेत्र में कपास एवं तुवर की फसल के बीच तथा निचले स्थानों पर गांजे की खेती की गई थी। पुलिस वन क्षेत्र में भूमि के उपयोग और खेती से संबंधित परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
इसके साथ ही संभावित सहयोगियों, रिश्तेदारों तथा मादक पदार्थों के उत्पादन एवं तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजगढ़ श्री समीर पाटीदार, उप निरीक्षक निहाल सिंह दंडोतिया, चौकी प्रभारी तिरला, सहायक उप निरीक्षक जितेंद्र सांखला एवं सैयद अहमद, प्रधान आरक्षक विपिन कटारा एवं रामकरण चौहान, आरक्षक अंकित रघुवंशी, राकेश बघेल, दिलीप डुडवे, राकेश सिंगार एवं जयेंद्र जादौन तथा सैनिक रतन डिंडोर एवं जगदीश कच्छावा का सराहनीय योगदान रहा। धार पुलिस ने आमजन से मादक पदार्थों की खेती, उत्पादन एवं तस्करी से संबंधित जानकारी साझा करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।









