
रिपोर्टर मुकेश मालवीया, हरसूद
हरसूद। स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हरसूद में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के समापन अवसर पर सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जयेश वैष्णव ने की।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विद्यार्थियों में सेवा भावना, रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समापन समारोह में अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनकी प्रतिभा और सहभागिता की सराहना की।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान
सेवा चित्र प्रतियोगिता में स्नेहा यादव ने प्रथम और लक्ष्मी यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में ऋषि तमकाने प्रथम तथा राम ठाकरे द्वितीय स्थान पर रहे। रंगोली प्रतियोगिता में खुशबू बिलरे ने प्रथम और शिवानी यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में आशियाना खान प्रथम तथा विवेक मालाकार द्वितीय स्थान पर रहे। ग्रीटिंग कार्ड निर्माण प्रतियोगिता में रक्षा पवार ने प्रथम और रेहान खान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, डिजिटल पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में नंदिनी चौहान प्रथम तथा उमा राजपूत द्वितीय स्थान पर रहीं।
नुक्कड़ नाटक से दिया रक्तदान जागरूकता का संदेश
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने रक्तदान जागरूकता विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से आमजन को रक्तदान के महत्व और जरूरतमंदों की सहायता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। नाटक में अश्विनी विलारे, खुशबू बिलरे, निधि पवार, परख जाट, कुन्नू मालवीय, अलका लवंशी, राजेश चौहान, अनार सिंह, पायल एवं सपना ने विभिन्न भूमिकाएं निभाईं। सभी कलाकारों को उनके योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रोफेसर अंकुश साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रोफेसर प्रियंका चौहान ने किया। समारोह में महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने, सेवा भावना विकसित करने और अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।









