
रिपोर्टर जय प्रकाश
सिंगरौली। सिंगरौली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से सुविधाओ सुरक्षा स्वच्छता एवं खान-पान गुणवत्ता पर यात्रियों से फीडबैक लिया गया।पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह ने आज जबलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अनुभवों की जानकारी प्राप्त की। इस जनसंवाद का उद्देश्य यात्रियों की अपेक्षाओं को समझना तथा रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाना रहा।
जनसंवाद के दौरान यात्रियों ने यात्री सुरक्षा, ट्रेनों में साफ-सफाई, स्वच्छता अभियान, खानपान सामग्री की गुणवत्ता एवं निर्धारित दरों, टिकट संबंधी समस्याओं तथा अन्य यात्री सुविधाओं पर अपने विचार रखे। महाप्रबंधक ने यात्रियों के प्रश्नों का सहजता से उत्तर दिया तथा उनके महत्वपूर्ण सुझावों को नोट कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। इस संवाद में युवाओं ने विशेष उत्साह के साथ भाग लिया।
महाप्रबंधक श्री सिंह ने यात्रियों को रेलवे की विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि रेल यात्रा के दौरान किसी भी समस्या, शिकायत अथवा सहायता के लिए रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने यात्रियों को रेलवे कर्मचारियों एवं संबंधित सहायता टीमों से सहयोग लेने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी।
खानपान की गुणवत्ता एवं निर्धारित दरों के संबंध में उन्होंने यात्रियों से अपील की कि स्टेशन एवं ट्रेनों में अधिकृत खानपान स्टॉल से ही सामग्री खरीदें तथा भुगतान करने से पहले रेट लिस्ट अवश्य देखें। उन्होंने बताया कि स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए रेलवे द्वारा निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही यात्रियों से भी स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों को स्वच्छ रखने में सहयोग देने का आग्रह किया।
महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार के लिए यात्रियों के फीडबैक को महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यात्रियों के साथ विनम्र एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य जरूरतमंद यात्रियों की सहायता को प्राथमिकता देने की आवश्यकता भी बताई।
उन्होंने यात्रियों को बताया कि रेलवे द्वारा शिकायतों की नियमित निगरानी की जाती है तथा शिकायतों की संख्या एवं उनके विषयों का विश्लेषण कर सुधारात्मक कदम उठाए जाते हैं। यात्रियों ने इस प्रकार के जनसंवाद को नियमित रूप से आयोजित करने का सुझाव भी दिया।
महाप्रबंधक ने भविष्य की रेल सुविधाओं के संबंध में चर्चा करते हुए बताया कि बढ़ती यात्री मांग के अनुरूप सामान्य कोचों की उपलब्धता बढ़ाने, रेल नेटवर्क के विस्तार, रेल लाइनों के दोहरीकरण एवं तिहरीकरण तथा रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्टेशन परिसर के विकास, सर्कुलेटिंग एरिया के विस्तार तथा बेहतर यात्री सुविधाओं के माध्यम से स्टेशनों को अधिक सुव्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री दिनेश कुमार कलामे, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अभय कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शशांक गुप्ता सहित पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय एवं जबलपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में यात्री उपस्थित रहे।









