
टीकमगढ़। जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक के सरकारी आवास के समीप बड़ी संख्या में वोटर आईडी कार्ड पड़े मिले। मंगलवार देर शाम बरामद हुए इन कार्डों की संख्या 43 बताई जा रही है। इनमें से कई कार्ड आधे जले हुए मिले, जिससे संदेह गहराता जा रहा है कि इन्हें किसी गलत उद्देश्य से नष्ट करने की कोशिश की गई।सूचना मिलते ही तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुँची तथा सभी कार्ड कब्जे में लेकर सुरक्षित रखे। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कार्ड विभिन्न वार्डों और मतदाताओं के नाम से बने हुए हैं।
कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने इस पूरे मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि यह पता लगाया जाए कि ये वोटर आईडी यहां कैसे पहुँचीं और क्या इनके पीछे किसी सुनियोजित साजिश के संकेत हैं।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि इन कार्डों का उपयोग योजनाओं या मतदान प्रक्रिया में गड़बड़ी के लिए किया जा सकता था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच की जाएगी और यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो सख्त कार्रवाई होगी।
यह घटना न केवल प्रशासन बल्कि राजनीतिक हलकों में भी सुर्खियों का विषय बनी हुई है। फिलहाल सभी कार्ड प्रशासनिक अभिरक्षा में हैं और विस्तृत रिपोर्ट आने का इंतजार है।









