
रिपोर्ट – राज भोपे
गंधवानी। गंधवानी नगर के अवलदा रोड स्थित आईजी पेट्रोल पंप के सामने अज्ञात बदमाशों ने सिंचाई मोटर पंप की दुकान से ₹1,00,000 मूल्य का सामान चोरी कर लिया। फरियादी सौरभ पिता अर्जुन राठौर उम्र 29 वर्ष की दुकान पर शुक्रवार-शनिवार की रात्रि में चोरों ने दीवार खोदकर प्रवेश किया और पांच बंडल कॉपर तार, तीन बंडल पीवीसी वायर तथा तीन पेटी बेरी पुराना वायर लेकर फरार हो गए। रविवार दोपहर 2 बजे सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जिसमें दो बदमाश मुंह बांधकर दुकान में घुसते दिखाई दिए। एक बदमाश तार के बंडल उठाकर दूसरे को देता नजर आया, वहीं दूसरा बदमाश दुकान से सामान बाहर ले जाता हुआ स्पष्ट दिखाई दे रहा है। फुटेज में बदमाश अन्य कीमती सामान तलाशते भी नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही गंधवानी पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अज्ञात बदमाशों की पहचान की जा रही है और शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।









