
रिपोर्टर – धर्मेन्द्र पाटीदार
नीमच/मनासा। नीमच जिले की मनासा तहसील के ग्राम खजूरी में बारिश के दौरान एक ग्रामीण के अंतिम संस्कार के समय श्मशान घाट पर आवश्यक सुविधाओं की जरूरत सामने आई। लगातार बारिश के बीच परिजनों और ग्रामीणों ने त्रिपाल की व्यवस्था कर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की।
ग्राम निवासी स्वर्गीय राधा किशन जी पाटीदार (वेलावत) के निधन के बाद परिजन और ग्रामीण उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट लेकर पहुंचे। इस दौरान बारिश होने के कारण अंतिम संस्कार में असुविधा का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने तत्काल त्रिपाल लगाकर बारिश से बचाव की व्यवस्था की और अंतिम विदाई की प्रक्रिया पूरी की।
श्मशान घाट पर सुविधाओं की मांग
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के मौसम को देखते हुए श्मशान घाट पर पक्का शेड या टीन शेड, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता है। ग्रामीणों का कहना है कि इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से बरसात सहित अन्य मौसम में अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी।
प्रशासन से विकास कार्य कराने की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं जनपद पंचायत मनासा के अधिकारियों से ग्राम खजूरी के श्मशान घाट का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट पर शेड, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं विकसित होने से क्षेत्रवासियों को सुविधा मिलेगी और अंतिम संस्कार के समय होने वाली परेशानियों में कमी आएगी।









