
रिपोर्टर लखन ठाकुर
ग्राम वृंदावन चोली। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर ग्राम वृंदावन चोली में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण रहा। आधी रात को भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों में घंटियों और शंखनाद से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने “नंद के घर आनंद भयो, जय हो नंदलाल की” के जयघोष के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। श्री राधा विनोद बिहारी मंदिर एवं श्री राम मंदिर के पुजारियों के सानिध्य में जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न भजन मंडलियों ने मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर नजर आए। जन्मोत्सव को लेकर मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया। मंदिर परिसर की मनमोहक सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। आयोजन के दौरान ग्राम के समाजसेवियों एवं युवाओं ने विभिन्न स्थानों पर प्रसादी के स्टॉल लगाए, जहां श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव भक्ति, सेवा और सामाजिक एकता का सुंदर उत्सव बन गया। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।









