
रिपोर्टर – रघुवीर सिंह
शमशाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शनिवार को शमशाबाद नगर कृष्ण भक्ति से सराबोर नजर आया। यादव समाज के तत्वावधान में लटेरी जोड़ से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। डीजे पर बज रही भक्ति धुनों पर श्रद्धालु नाचते-झूमते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शोभायात्रा बाबा रामदेव मंदिर पहुंची, जहां धार्मिक कार्यक्रमों के साथ इसका समापन हुआ।विधायक ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत, भगवान श्रीकृष्ण की उतारी आरती नगर परिषद की ओर से पुराने बस स्टैंड पर स्वागत मंच बनाया गया था। यहां विधायक सूर्यप्रकाश मीणा एवं नगर परिषद के पार्षदों ने शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। विधायक ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर आरती की। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। 85 किलो की नाल उठाकर पहलवान ने दिखाया दमखम शोभायात्रा में धार्मिक आयोजन के साथ पारंपरिक खेलों की भी झलक देखने को मिली। ग्रामीण पहलवानों ने दांव-पेंच और शारीरिक कौशल का प्रदर्शन किया। इसी दौरान एक पहलवान ने 85 किलो की भारी नाल उठाकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। जगह-जगह हुआ शोभायात्रा का स्वागत नगर में विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग समाजों के लोगों ने शोभायात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई तथा कई स्थानों पर प्रसाद और पेयजल की व्यवस्था की गई। पूरे मार्ग पर उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में समाजवादी प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव, नगर पालिका अध्यक्ष बासौदा शशि यादव, राजेश यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता इंदर सिंह यादव, सुधीर यादव, निरंजन सिंह यादव, चेतन, विक्रम सिंह, मोहित रघुवंशी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सोनू यादव, संजय यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। शोभायात्रा के दौरान शमशाबाद का वातावरण पूरी तरह कृष्णमय नजर आया। भक्ति, उत्साह और सामाजिक सहभागिता के बीच निकली इस भव्य शोभायात्रा ने जन्माष्टमी पर्व की खुशियों को और बढ़ा दिया तथा नगरवासियों के लिए इसे यादगार बना दिया।









