
रिपोर्टर – सोनू नामदेव
बैरसिया। उत्सव नगरी बैरसिया में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर स्थानीय श्री सांवलिया मंदिर एवं श्री जी मंदिर में भव्य बधाई उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को क्षेत्र के विधायक विष्णु खत्री द्वारा बधाई उत्सव का आयोजन कराया गया। कार्यक्रम में नगर के धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का आनंद लिया। यह विशेष बधाई उत्सव भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से प्रारंभ होकर राधा अष्टमी तक चलेगा। इस दौरान नगर के विभिन्न मंदिरों एवं भक्त मंडलों द्वारा क्रमवार प्रतिदिन बधाई गीत, भजन, नृत्य सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। मंदिरों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर नगर में श्रद्धालुओं की सहभागिता से उत्सव का माहौल बना हुआ है।









