
रिपोर्ट – अनूप तिवारी
खरगोन। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा मंगलवार को स्टेडियम ग्राउंड में जिला स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न स्कूलों से करीब 60 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सहायक आयुक्त कविता आर्य के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन अलीराजपुर में आयोजित होने वाली पश्चिम क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में खरगोन जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। क्रीड़ा अधिकारी दीपक वाघ ने बताया कि ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा लगातार खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आगे की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर अवसर मिलते हैं। आयोजन में सुरेंद्र पवार, जितेंद्र भावसार, भास्कर पाटिल, रॉबर्ट डावर और ललित सिसोदिया सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा।









