
रिपोर्टर – रघुवीर सिंह धाकड़
शमशाबाद। अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शमशाबाद पुलिस ने ग्राम शाहपुरा कॉलोनी/साढ़ेर कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए एक महिला के कब्जे से करीब 5 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब और शराब बनाने के लिए तैयार 1 क्विंटल महुआ लहान बरामद किया। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 51 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार सूचना प्राप्त होने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। बरामद महुआ लहान को मौके पर ही नियमानुसार नष्ट किया गया। मामले में अपराध क्रमांक 357/26, धारा 34 आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद थाना प्रभारी आशुतोष सिंह ने ग्रामीणों को एकत्रित कर अवैध शराब एवं नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने ग्रामीणों से शराब के अवैध निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की। कार्रवाई में उपनिरीक्षक पिंकी खींची, एएसआई लक्ष्मण सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।









