
रिपोर्ट – भगवान सिंह चौहान
सनावद। भारतीय किसान संघ ने अपनी 23 सूत्रीय मांगों को लेकर सनावद में विशाल रैली निकाली। रैली के बाद कृषि उपज मंडी परिसर में सभा आयोजित की गई, जिसमें किसान हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इसके पश्चात संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। सभा को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने किसानों से जुड़े विभिन्न विषयों के शीघ्र समाधान की मांग रखी। प्रमुख मांगों में 1 अक्टूबर से सीसीआई द्वारा कपास खरीदी शुरू करना, किसानों को प्रतिदिन 12 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना तथा खेतों में लगे पुराने एवं जर्जर बिजली के तारों को दुरुस्त कराना शामिल है। किसान संघ ने सनावद स्थित अवंती सूत मिल द्वारा पुनः कृषि उपज मंडी से कपास खरीदी किए जाने की मांग भी रखी। किसान नेताओं का कहना है कि मंडी से कपास खरीदी होने से किसानों और मिल दोनों को सुविधा मिलेगी।इसके साथ ही बिंजलवाड़ा उद्वहन सिंचाई योजना को शीघ्र शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। सनावद पशु बाजार से संबंधित विषय में किसानों से पशुओं के परिवहन के दौरान ली जा रही राशि की समीक्षा कर निर्धारित नियमों के अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। किसान नेताओं ने कहा कि ज्ञापन में शामिल 23 सूत्रीय मांगों पर शासन स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिल सके। रैली एवं सभा में क्षेत्र के करीब 120 गांवों से सैकड़ों किसानों ने सहभागिता की। सभा को भारतीय किसान संघ के प्रांतीय अध्यक्ष गोपाल पाटीदार, प्रांतीय उपाध्यक्ष रेवाराम पटेल सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









