
रिपोर्टर – दिलीप माहेश्वरी
बलौदाबाजार। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा एवं समर्पण काल के पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर 2026 को जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ हुआ। अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जिलेभर में लगभग 11 लाख दीप प्रज्वलित किए गए। जिला मुख्यालय बलौदाबाजार स्थित चौपाटी में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों, महिलाओं एवं युवाओं ने सहभागिता करते हुए दीप प्रज्वलित किए। विवेकानंद सरोवर परिसर में एक साथ सवा लाख दीपों की रोशनी और पेड़ों पर की गई रंगीन रोशनी से सरोवर का मनोहारी स्वरूप निखर उठा। दीपों की रोशनी देखने बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण का संदेश राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा काल के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से घर-घर दीप प्रज्वलित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि दीप केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा भावना, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सभी से मिलकर देश और प्रदेश की प्रगति में सहभागी बनने का आह्वान किया। मनमोहक गीतों ने बांधा समां कार्यक्रम के दौरान राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने अपने परिचित अंदाज में गीत प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों का उत्साह बढ़ाया और माहौल को सांस्कृतिक रंग से सराबोर कर दिया। सवा लाख दीयों से जगमगाया विवेकानंद सरोवर कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विवेकानंद सरोवर परिसर में 1,25,000 दीपों का प्रज्वलन रहा। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। सरोवर के जल पर दीपों की रोशनी का प्रतिबिंब आकर्षक दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। बड़ी संख्या में शहरवासियों ने इस मनोहारी दृश्य का आनंद लिया। जनभागीदारी और सांस्कृतिक कार्यक्रम कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आर्केस्ट्रा टीम द्वारा भक्तिमय गीत-संगीत की प्रस्तुतियां दी गईं। दीप प्रज्वलन के दौरान नागरिकों ने सेवा संकल्प के साथ सहभागिता की और पूरे परिसर में उत्सव का वातावरण बना रहा। शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद निकली रैली चौपाटी में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम से पूर्व राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने जनप्रतिनिधियों के साथ शहीद वीर नारायण सिंह चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके बाद चौक से ढोल-नगाड़ों के साथ चौपाटी तक रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी गौरव राय, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, उपाध्यक्ष जितेंद्र महले, योगेश अग्रवाल, राकेश ध्रुव, डीएफओ पंकज कमल, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।









