
रिपोर्टर – अशोक शर्मा
रतलाम। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन में पुलिस परेड ग्राउंड में जनरल परेड आयोजित की गई। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री मोहन भर्रावत के नेतृत्व में पुलिस बल ने पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार को सलामी दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण किया। परेड में उत्कृष्ट वेशभूषा एवं अनुशासन का प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। परेड के समापन पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल को कमांड कराते हुए अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। जनरल परेड का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ, अनुशासित एवं कार्य के प्रति तत्पर बनाए रखना है। परेड के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट, वेशभूषा एवं अनुशासन की समीक्षा भी की गई। पुलिस लाइन एवं रक्षित केंद्र का निरीक्षण परेड के बाद पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने रक्षित केंद्र पहुंचकर रोजनामचा, शस्त्र शाखा, वाहन शाखा एवं स्टोर शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण एवं संसाधन प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस लाइन के आवासीय परिसर, सामुदायिक भवन एवं लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बच्चों से पुलिस अधीक्षक ने बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण श्री विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर श्री राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री सत्येंद्र घनघोरिया, नगर पुलिस अधीक्षक जावरा श्री युवराज सिंह चौहान, डीएसपी ट्रैफिक श्री आनंद स्वरूप सोनी, रक्षित निरीक्षक श्री मोहन भर्रावत, सूबेदार अनोखीलाल परमार सहित सभी थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।









