
रिपोर्टर – सोनू नामदेव,
बैरसिया (भोपाल)। बैरसिया नगर में हिंदुत्व समिति के तत्वावधान में पारंपरिक डोली ग्यारस चल समारोह का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समारोह के दौरान नगर में भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की आकर्षक झांकियां सजाई गईं। भव्य विमानों में विराजमान भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा जी के दर्शन के लिए जगह-जगह श्रद्धालु उपस्थित रहे। नगरवासियों ने श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन कर भगवान का आशीर्वाद लिया। चल समारोह का शुभारंभ नगर के रेंज चौराहा से हुआ। यहां से डोली-नगाड़ों, पारंपरिक बैंड-बाजों और धार्मिक भजनों की गूंज के साथ चल समारोह आगे बढ़ा। विभिन्न मार्गों से होते हुए समारोह में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। चल समारोह के मार्ग में स्थानीय निवासियों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान के विमानों और झांकियों का स्वागत किया। पूरे मार्ग में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। भव्य चल समारोह नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए वसई तालाब पहुंचा। यहां विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन एवं महाआरती की गई, जिसके बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में नगरवासी, श्रद्धालु एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।









