
रिपोर्टर – मोहन दुबे
नजीराबाद। नगर में वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा के अनुसार मंगलवार को भगवान बांके बिहारी जी का विमान श्रद्धा और उत्साह के साथ नगर भ्रमण पर निकला। श्री राधा-कृष्ण मंदिर के पुजारी ब्रजेश बैरागी एवं श्री राम-जानकी मंदिर से निकले दोनों विमानों में विराजमान भगवान का नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण कराया गया। विमान यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान बांके बिहारी जी का पूजन-अर्चन कर आरती की। महिलाओं, बच्चों सहित बड़ी संख्या में नगरवासी भगवान के दर्शन के लिए उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने घर-घर भगवान की पूजा कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर भाजपा युवा नेता दीपक दुबे ने दोनों विमानों का विधि-विधान से पूजन कर भगवान बांके बिहारी जी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि नजीराबाद की यह धार्मिक परंपरा नगर की आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता की पहचान है। ऐसी परंपराएं नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने के साथ ही आपसी भाईचारे को मजबूत करती हैं। श्री राधा-कृष्ण मंदिर के पुजारी ब्रजेश बैरागी ने बताया कि भगवान का विमान प्रतिवर्ष इसी श्रद्धा और उत्साह के साथ नगर भ्रमण पर निकाला जाता है। नगर भ्रमण के बाद दोनों विमान विसर्जन घाट पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भगवान की आरती एवं पूजन-अर्चन किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में नगरवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।









