
रिपोर्टर – गैपुरा, मीरजापुर
गैपुरा/मीरजापुर। छानबे विकासखंड अंतर्गत अरंगी सरपती पहाड़ी पर स्थित मां नंदजा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर स्थानीय लोगों एवं साधिका उमा दिव्यांबा ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। उन्होंने मंदिर परिसर की धर्मशाला को श्रद्धालुओं के उपयोग के लिए व्यवस्थित कराने तथा मंदिर की पूजा-अर्चना एवं दर्शन व्यवस्था को सुचारू करने की मांग की है। साधिका उमा दिव्यांबा ने बताया कि मां नंदजा को योगमाया के रूप में श्रद्धालु आस्था के साथ पूजते हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए धर्मशाला बनी हुई है। उनके अनुसार, धर्मशाला लंबे समय से बंद है, जिसके कारण दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने और प्रसाद तैयार करने में सुविधा नहीं मिल पा रही है। नवरात्रि को देखते हुए व्यवस्थाओं पर जोर नवरात्रि पर्व को देखते हुए मंदिर में आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य जिलों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मंदिर परिसर में पेयजल, ठहरने और पूजा-अर्चना से संबंधित व्यवस्थाओं को सुचारू करने की मांग की गई है। साधिका ने बताया कि मंदिर में दर्शन और पूजा के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। मंदिर खुलने एवं पूजा-अर्चना से संबंधित व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की आवश्यकता बताई गई है, ताकि श्रद्धालु सुविधापूर्वक दर्शन कर सकें।प्रशासन से व्यवस्था सुचारू कराने का आग्रह साधिका उमा दिव्यांबा ने जिला प्रशासन से मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और धर्मशाला को श्रद्धालुओं के उपयोग के लिए व्यवस्थित कराने का आग्रह किया है। इस संबंध में स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी विंध्याचल अजीत सिंह से मुलाकात कर मंदिर की व्यवस्थाओं से संबंधित विषयों की जानकारी दी। थाना प्रभारी ने आवश्यक समन्वय के साथ व्यवस्था को सुचारू कराने का आश्वासन दिया।नवरात्रि पर्व को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक पहल की उम्मीद की जा रही है।









