
रिपोर्टर – अशोक शर्मा
रतलाम। दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों एवं यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रतलाम पुलिस द्वारा जनसंवाद एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) ने एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा ग्रामीणों के सहयोग से यातायात को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। ग्राम मोलावा में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ जनसंवाद इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर श्री राकेश पंद्रो एवं एसडीओपी सैलाना श्री लेखराज मीणा (आईपीएस) के मार्गदर्शन में डीएसपी श्री सुरेंद्र सिंह गडरिया एवं थाना प्रभारी रावटी द्वारा ग्राम मोलावा के पंचायत भवन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम मोलावा के सरपंच श्री नरेंद्र गरवाल, ग्राम देवपाड़ा के सरपंच श्री बद्रीलाल वसुनिया सहित गांव के पटेल, वरिष्ठ नागरिक, एक्सप्रेस-वे के आसपास रहने वाले दुकानदार एवं मकान मालिक उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक समय पर पहुंचाना तथा ग्रामीणों के सहयोग से यात्रियों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा को और बेहतर बनाना रहा। गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि एक्सप्रेस-वे के आसपास यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान या सड़क किनारे शराब का सेवन करता दिखाई दे, संदिग्ध रूप से घूमता मिले, रील बनाने, स्टंट अथवा अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियों में शामिल हो या वाहनों की आवाजाही के दौरान कोई असामान्य गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं।साथ ही ग्रामीणों से अपने गांव के बच्चों एवं युवाओं को एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। जनसहयोग से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेस-वे से जुड़े गांवों के निवासी अपने क्षेत्र की गतिविधियों से परिचित रहते हैं। ऐसे में समय पर मिलने वाली जानकारी पुलिस के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। रतलाम पुलिस द्वारा पुलिसिंग के साथ जनसहयोग एवं जनसंवाद को भी सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जा रहा है।एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में लगातार निगरानी एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों एवं यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रतलाम पुलिस द्वारा क्षेत्र में नियमित निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के साथ पड़ोसी जिलों की पुलिस से भी समन्वय किया जा रहा है।









