
रिपोर्टर – प्रियम भटनागर
बिजनौर। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस अधीक्षक के.के. विश्नोई ने जनपदवासियों से विशेष अपील की है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया है। एसपी ने कहा कि लोग अपने मोबाइल फोन की सुरक्षा के लिए कुछ ही हजार रुपये के फोन पर स्क्रीन गार्ड लगवाते हैं। इसी तरह जीवन की सुरक्षा के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना भी जरूरी है। उन्होंने हेलमेट को जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन बताते हुए लोगों से इसे अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने की अपील की। 4 अक्टूबर तक चलेगा जागरूकता अभियान बिजनौर पुलिस की ओर से 4 अक्टूबर 2026 तक विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पुलिसकर्मी लोगों को हेलमेट के महत्व की जानकारी देंगे और गुलाब के फूल सहित विभिन्न माध्यमों से हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करेंगे। एसपी ने बताया कि 4 अक्टूबर के बाद हेलमेट संबंधी यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाएगी। बार-बार नियमों का पालन नहीं करने अथवा गंभीर यातायात उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार वाहन संबंधी कार्रवाई और ड्राइविंग लाइसेंस के संबंध में कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। नाबालिगों को वाहन न देने की अपील एसपी ने अभिभावकों से अपील की कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को दोपहिया या चौपहिया वाहन न दें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता में अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग से बचने और सड़क पर स्टंट न करने की भी अपील की। पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की जाएगी। बिजनौर पुलिस की अपील बिजनौर पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट और कार में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। सभी यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात नियमों का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।









