
रिपोर्टर – दिलीप माहेश्वरी
रावन। अल्ट्राटेक रावन व्यवसायिक स्वास्थ्य केंद्र, सीएसआर, लॉजिस्टिक विभाग एवं शासकीय स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एड्स एवं एचआईवी संक्रमण के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक ट्रक ड्राइवरों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। एचआईवी संक्रमण से बचाव की दी जानकारी कार्यक्रम के दौरान जिला अस्पताल बलौदाबाजार की आईसीटी काउंसलर प्रीति कौशिक एवं एसटीआई काउंसलर राजकुमार चौधरी ने एचआईवी संक्रमण के कारण, संक्रमण के संभावित माध्यम, बचाव के उपाय, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व की जानकारी दी। प्रतिभागियों को बताया गया कि समय पर एचआईवी जांच और उचित चिकित्सकीय परामर्श के माध्यम से स्वास्थ्य का बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है। साथ ही एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार रखने तथा किसी भी प्रकार के भेदभाव से बचने का संदेश दिया गया।स्वैच्छिक एचआईवी परीक्षण की सुविधा कार्यक्रम में प्रतिभागियों के लिए एचआईवी परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। प्रतिभागियों ने स्वेच्छा से परीक्षण कराया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा एचआईवी से बचाव के उपाय अपनाने का संकल्प लिया।अधिकारियों एवं सीएसआर टीम की सहभागिता कार्यक्रम में अल्ट्राटेक रावन की ओर से डॉ. श्रीराम, डॉ. मंजरी, लॉजिस्टिक हेड आमिया पात्रा, प्रकाश कुमार जेना एवं युगल किशोर शर्मा उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में अल्ट्राटेक रावन की सीएसआर हेड निरुपा श्रीवास्तव, अधिकारी ज्योस्तना पति एवं रंजय पाण्डेय तथा सीएसआर टीम के सुरेंद्र यादव, ताराचंद वर्मा, गुमान साहू एवं सुनीता निषाद का सहयोग रहा।









