
रिपोर्ट – आशीष पाण्डेय
मुंगेली। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिन्हा के प्रथम मुंगेली आगमन पर कार्यकर्ताओं ने स्कूटी रैली निकालकर स्वागत किया। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर संगठन की सक्रियता और एकजुटता का संदेश दिया।
स्वागत के बाद आयोजित संवाद कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने महिला कांग्रेस को बूथ और ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने, अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने तथा महिला सुरक्षा, अधिकार, रोजगार और स्थानीय मुद्दों को लेकर जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे।









