
रिपोर्टर – कृष्ण चन्द्र भारती
बोहरवापुर-अगया-दशावा मार्ग, मोबाइल शौचालय, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था को लेकर दिए सुझाव
संतकबीरनगर। दुधारा थाना क्षेत्र के ग्राम अगया में आगामी 12 और 13 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले 14वें दो दिवसीय उर्स निजामी को लेकर तैयारियां जारी हैं। उर्स में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही गोवा, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में जायरीन और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को सुविधाजनक एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सेमरियावां के पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुमताज अहमद ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा कराने का अनुरोध किया।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुमताज अहमद ने जिलाधिकारी को सौंपे पत्र में बोहरवापुर से अगया होते हुए दशावा जाने वाले मार्ग के आवश्यक सुधार एवं मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि उर्स में विभिन्न क्षेत्रों और राज्यों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचेंगे। ऐसे में आयोजन स्थल तक सुगम आवागमन के लिए मार्ग को व्यवस्थित रखना आवश्यक है।
उन्होंने उर्स स्थल पर मोबाइल शौचालय एवं वॉशरूम, पर्याप्त विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले जायरीन और मेहमान क्षेत्र के अतिथि हैं। उनके लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आयोजन की गरिमा के अनुरूप होगा।
मुमताज अहमद ने उर्स की तैयारियों को लेकर प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कराने का अनुरोध किया। उन्होंने सड़क, शौचालय, बिजली, प्रकाश और स्वच्छता सहित सभी सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ व्यवस्थित करने की बात कही।
गौरतलब है कि ग्राम अगया में प्रसिद्ध सूफी संत हजरत अल्लामा मुफ्ती शाह सूफी मोहम्मद निजामुद्दीन कादरी बरकाती मुहद्दिस बरहवी का 14वां दो दिवसीय उर्स निजामी आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। विभिन्न राज्यों से जायरीन के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर सुगम आवागमन और बेहतर नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।









