
रिपोर्टर – मदनमोहन पाराशर
किरनापुर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मां किरनाई मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। नवरात्र के प्रथम दिन मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां भगवती से सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। इस अवसर पर एसडीएम आदित्य नारायण तिवारी ने मां किरनाई की पूजा-अर्चना कर ज्योति कलश स्थापित किए, चुनरी भेंट की और आरती में शामिल होकर माता का आशीर्वाद लिया।
864 ज्योति कलशों से जगमगाया मंदिर मां किरनाई मंदिर में इस वर्ष कुल 864 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए। इनमें घी के 114 और तेल के 750 कलश शामिल हैं। ज्योति कलशों की स्थापना के साथ ही मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
मां शैलपुत्री की आराधना के साथ शुरू हुआ नवरात्र शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन घरों से लेकर सार्वजनिक पूजा पंडालों तक कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा की आराधना प्रारंभ हुई। श्रद्धालुओं ने शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से कलश स्थापित कर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की।
नवरात्र को लेकर सुबह से ही घरों और पूजा स्थलों में साफ-सफाई एवं पूजन की तैयारियां की गईं। परिवार के सदस्यों ने एक साथ पूजा-अर्चना की। मंत्रोच्चार और माता के भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने पूजन के बाद फलाहार ग्रहण किया।
मंदिरों और पूजा पंडालों में बढ़ी रौनक नवरात्र के आगमन के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और त्योहार की रौनक बढ़ गई है। बाजारों में चहल-पहल देखने को मिल रही है, वहीं सार्वजनिक पूजा पंडालों में सजावट, साउंड सिस्टम और लाइटिंग की तैयारियां की जा रही हैं।
शाम के समय आरती के बाद मंदिरों में दीप प्रज्वलित करने और माता की ज्योत के दर्शन के लिए महिला श्रद्धालुओं सहित बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। नवरात्र के पहले दिन से ही श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मां भगवती की आराधना में लीन नजर आए।
मां किरनाई मंदिर में ज्योति कलश स्थापना, चुनरी अर्पण और आरती के साथ नवरात्र का शुभारंभ श्रद्धा एवं उत्साह के वातावरण में हुआ। मंदिर परिसर में भक्तों की आस्था और भक्ति देखते ही बन रही थी।









