
रिपोर्टर – लखन ठाकुर
महेश्वर। निमाड़ की माटी के महान गायक एवं संगीत जगत के दिग्गज कलाकार किशोर कुमार की 39वीं पुण्यतिथि के अवसर पर महेश्वर में भव्य संगीत निशा का आयोजन किया जा रहा है। माँ रेवा सुर संगम मंच, महेश्वर के तत्वावधान में आयोजित इस संगीतमय कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति देकर उन्हें सुरमयी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को शाम 6 बजे से वार्ड क्रमांक 7 स्थित माली मोहल्ला धर्मशाला, महेश्वर में होगा। संगीत निशा में किशोर कुमार के यादगार नगमों के माध्यम से श्रोताओं को संगीत के सुनहरे दौर की यादें ताजा करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक राजकुमार मेव एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आयोजन समिति के सदस्य सुनील गाडगे ने बताया कि किशोर कुमार निमाड़ की पहचान और भारतीय संगीत जगत की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित यह कार्यक्रम उनके संगीत और यादगार गीतों को समर्पित है। स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से इस महान गायक को श्रद्धांजलि देंगे।
माँ रेवा सुर संगम मंच ने नगरवासियों एवं संगीत प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर संगीत निशा को सफल बनाने की अपील की है।








