
रिपोर्टर – राजेश कौशल
अंतागढ़। विधायक विक्रम देव उसेंडी द्वारा कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर त्वरित निर्णय लिए जाने पर अंतागढ़ मंडल के कार्यकर्ताओं ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया है। कार्यकर्ताओं ने विधायक के निज सचिव राकेश शुक्ला की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी असंतुष्टि एवं समस्याओं से विधायक को अवगत कराया था।
कार्यकर्ताओं की बातों को गंभीरता से लेते हुए विधायक विक्रम देव उसेंडी ने तत्काल निर्णय लिया और राकेश शुक्ला को निज सचिव के पद से कार्यमुक्त कर दिया। विधायक के इस निर्णय के बाद अंतागढ़ मंडल के कार्यकर्ताओं ने उनका आभार जताया।
कार्यकर्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता देने पर जताई प्रसन्नता मंडल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की बातों को सुनना, उनकी समस्याओं को समझना और उनके सम्मान का ध्यान रखना आवश्यक है। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर संवाद से संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि विधायक द्वारा उनकी शिकायतों पर शीघ्र निर्णय लिया जाना उनकी समस्याओं के प्रति गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कार्यकर्ताओं की समस्याओं का इसी तरह प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा।
अंतागढ़ मंडल के कार्यकर्ताओं ने विधायक विक्रम देव उसेंडी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन में आपसी समन्वय, संवाद और कार्यकर्ताओं के सम्मान को बनाए रखने पर जोर दिया।









